शमसाबाद। बाढ़ में मकान कटने के बाद समैचीपुर चितार के कई परिवार गुटैटी दक्षिण में सड़क किनारे खाली पड़ी जमीन पर झोपड़ी डालकर रह रहे हैं। शनिवार को एसडीएम के आदेश पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। झोपड़ी में रह रहे लोगों को आवंटित स्थान पर जाने की बात कही गई। इस पर नोकझोंक हुई। टीम के वापस होते ही झोपड़ियों में आग लग गई। तीन झोपड़ियां जल गईं। पुलिस की मौजूदगी में आसपास के ग्रामीणों पर आग लगाने का आरोप लगाया गया।
थाना क्षेत्र के समैचीपुर चितार (सुलेमानपुर गैर आबाद गांव) के कई मकान गंगा में समा गए हैं। वहां के लोग कुछ दूरी पर गैरआबाद गुटैटी दक्षिण गांव की जमीन पर 15 झोपड़ी डालकर रह रहे हैं। ये ग्रामीण इस भूमि को ग्रामसभा की बता रहे हैं, जबकि गुटैटी दक्षिण के राधेश्याम यादव, उनकी पत्नी कलावती, रामदीन यादव 15 बीघा जमीन अपनी बता रहे हैं।
राधेश्याम के पुत्र अधिवक्ता विमलेश यादव ने एसडीएम, एडीएम से बृहस्पतिवार को शिकायत कर जमीन खाली कराने की मांग की थी। शुक्रवार को विमलेश कमिश्नर के यहां पेश हुए। वहां से एसडीएम अभिषेक वर्मा के पास जमीन खाली कराने का मौखिक निर्देश आने पर उन्होंने शनिवार शाम लेखपाल पंकज सिंह, कानूनगो को भेजा।
राजस्व टीम पुलिस और गुटैटी के कई ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से जमीन खाली कर पानी की टंकी के पास आवंटित जमीन पर झोपड़ी डालने की बात कही। बाढ़ पीड़ितों और राजस्व टीम व पुलिस में जमकर नोकझोंक हुई। राजस्व टीम वहां से लौटकर गंगा पुल पर पहुंची, तभी झोपड़ियों में से आग की लपटें दिखाई दीं।
आग लगते देख पुलिस बल फिर पहुंचा, लेकिन तब तक सद्दाम, शकील, अफ्सर अली की झोपड़ी और उसमें रखा सामान जल चुका था। पीड़ितों ने गुटैटी दक्षिण के ग्रामीणों पर आग लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये लोग ग्रामसभा की जमीन को जबरन खाली कराना चाहते हैं। थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि आरोप निराधार है। राजस्व टीम, पुलिस और ग्रामीण जब पुल पर आ गए थे, तभी आग की लपटें दिखाई दीं। एसडीएम के आदेश पर पुलिस बल राजस्व टीम का सहयोग करने गई थी।