फर्रुखाबाद। एक माह पहले घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट लिख ली है। पुलिस ने घटना के देर शाम बाल अपचारी समेत तीन गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला आरा कसान महाकाल मंदिर निवासी रमेश कुशवाहा ने चोरों पर रिपोर्ट लिखाई। कहा कि सात अगस्त की रात परिवार के साथ छत पर सोया था। आठ अगस्त की सुबह जागकर नीचे आया, तो बरामदे में बक्शा खुला पड़ा था। चारपाई पर मंगलसूत्र का खाली डिब्बा पड़ा था। 20 हजार रुपये, झुमकी, काले बैग में दो हजार रुपये व जरूरी कागजात भी गायब मिले। वह बेटे के पॉलिटेक्निक में एडमीशन की व्यस्तता के चलते देरी से तहरीर दे सका। कोतवाली प्रभारी राजीव पाण्डेय ने बताया कि पुलिस ने दीनदयाल बाग में रह रहे चिलसरा के डबरी निवासी अर्जुन कुमार, लोको रोड के विशाल और बगिया गेट कादरीगेट के बाल अपचारी को चोरी का माल समेत गिरफ्तार कर लिया है।