फर्रुखाबाद। फौजी को गोली मार कर लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने फौजी के रिश्तेदार और उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1.10 लाख रुपये बरामद किए हैं। इनके तीन साथी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
फतेहगढ़ के आर्मी क्वाटर में फौजी सौरभ राठौर परिवार के साथ रहते हैं। तीन दिसंबर को सौरभ पत्नी नीरज और थाना नवाबगंज के गांव राजारामपुर निवासी रिश्तेदार सुशील राठौर के साथ बाइक से कुइंयाबूट खरीदे गए प्लाट का बकाया भुगतान करने जा रहे थे। नगला खैरबंद के पास लुटेरों ने फौजी को गोली मार कर नोटों भरा थैला लूट लिया था। घायल की पत्नी नीरज ने सुशील समेत दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि सैनिक से हुई लूट की घटना में बंटवारा हो रहा है।
मऊदरवाजा एसओ सुनील यादव और स्वाट प्रभारी ब्रजेश यादव ने छापा मारकर सुशील राठौर और उनके साथी जिला मैनपुरी थाना बेवर के इटावा रोड निवासी राधेश्याम, अविनाश को गिरफ्तार कर 1.10 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने लूट की घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन में वार्ता के दौरान एएसपी रामभवन चौरसिया ने बताया कि इस खुलासे के लिए टीम को पांच हजार का इनाम दिया गया। सुशील राठौर ने फौजी को प्लाट खरीदवाया था। इसमें फौजी ने सुशील को कमीशन नहीं दिया था। इसी को लेकर उसने फौजी के साथ घटना करवाई।