फर्रुखाबाद। ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए वोटों की गिनती रविवार को सुबह सात बजे से शुरू होगी। परिणामों को लेकर उम्मीदवारों की धुकधुकी बढ़ गई है। 600 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के 6311 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।
जिलेे में प्रधान व सदस्य पद के लिए चार चरणों में चुनाव कराया गया था। जिले में 603 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से 3 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। इनमें बढ़पुर विकास खंड की कुटरा, कायमगंज विकास खंड की मिस्तनी और मोहम्मदाबाद विकास खंड की सिनौढ़ा पृथ्वी ग्राम पंचायत शामिल हैं। मतगणना से 600 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।
नवाबगंज विकास खंड की ग्राम पंचायतों के वोटों की गिनती जवाहर लाल नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवाबगंज, बढ़पुर विकास खंड की मतगणना क्रिश्चियन इंटर कालेज, कायमगंज विकास खंड की मतगणना आदर्श इंटर कालेज पितौरा, राजेपुर विकास खंड की मतगणना गंगापार महात्मा गांधी इंटर कालेज में होगी। शमसाबाद विकास खंड की मतगणना एबी इंटर कालेज, कमालगंज विकास खंड की मतगणना आरपी डिग्री कालेज व मोहम्मदाबाद विकास खंड की मतगणना मेजर शिवदयाल सिंह इंटर कालेज में कराई जाएगी।