फर्रुखाबाद। जनपद मैनुपरी से चुराई गई लाइसेंसी बंदूक व फिरोजाबाद से चोरी कार समेत पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें दो आरोपी नवाबगंज थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर हैं। गिरोह का सरगना भाग गया है। पुलिस ने आरोपियों से दो तमंचे व चार कारतूस भी बरामद किए हैं।
एसपी डॉ. अनिल मिश्रा ने पुलिस लाइन के सभागार में प्रेस वार्ता में बताया कि एसओजी प्रभारी दिनेश गौतम व एसओ नवाबगंज को दो हिस्ट्रीशीटरों के क्षेत्र में आने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने कछपुरा तिराहे पर दबिश देकर गांव बरतल निवासी हिस्ट्रीशीटर विनोद कुमार, गांव घुमइया रसूलपुर निवासी महावीर तथा जिला शाहजहांपुर थाना जलालाबाद गांव नगरिया भूड़ निवासी बृजलाल को पकड़ लिया।
इन लोगों का सरगना जिला मैनपुरी थाना भोगांव निवासी जयपाल उर्फ डाक्टर उर्फ भूरा भाग गया है। तलाशी में दोनों हिस्ट्रीशीटरों से दो तमंचे व चार कारतूस बरामद हुए हैं। इन लोगों ने बताया कि सरगना जयपाल से जेल में दोस्ती हुई थी। वहां से निकलने के बाद जिला फिरोजाबाद के फरिहा कस्बे से कार चोरी की थी।
इसी कार से जिला मैनपुरी थाना भोगांव के गांव भैसरौली के एक मकान में चोरी की। वहां से डबल बैरल बंदूक भी चुरा लाए थे। पुलिस ने बंदूक भी बरामद कर ली है। एसपी ने बताया कि विनोद के खिलाफ फर्रुखाबाद व एटा जिले में चोरी, एनडीपीएस, गुंडाएक्ट के दस मुकदमे दर्ज हैं। महावीर के खिलाफ जानलेवा हमले, चोरी के 21 मुकदमे दर्ज हैं। इस दौरान एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ मोहम्मदाबाद सोहराब आलम मौजूद रहे।
चोरी का जेवर खरीदने वाले सराफ को छोड़ा
एसओजी ने चोरी के जेवर खरीदने वाले मोहम्मदाबाद के सराफ को पकड़ लिया था। उसने पूछताछ में यह भी बताया कि चोर जेवर बेचने के लिए उसके पास आए थे। एसओजी ने दो अन्य लोगों को भी पकड़कर पूछताछ की। बाद में एसओजी ने सराफ व अन्य दो लोगों को छोड़ दिया। एसओजी प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि कुछ लोगों को पूछताछ के लिए लाए थे। उन पर कोई आरोप नहीं बन रहा था। इस लिए उन्हें छोड़ दिया गया।