फर्रुखाबाद। शिकोहाबाद की जीबीए स्टील लिमिटेड कंपनी के मुनीम से दो दिन पूर्व हुई 30 लाख की लूट के मामले में पुलिस ने नाटकीय ढंग चालक व उसके भाई सहित तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बृहस्पतिवार को उन्हें जेल भेज दिया। उनसे 24 लाख रुपये बरामद हुए हैं। जबकि एक आरोपी को हिस्से में मिले छह लाख रुपये लेकर भाग जाने की जानकारी दी गई है।
जनपद मथुरा के वृंदावन के गांव सुनरख निवासी मुनीम संदीप से 18 अगस्त को 30 लाख रुपये की लूट हुई। मथुरा के वृंदावन निवासी नवीन कुमार अग्रवाल ने 19 अगस्त को मोहम्मदाबाद कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस लाइन में सभागार में एसपी आरती सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि जनपद मैनपुरी के थाना घिरोर क्षेत्र के गांव कल्होर पछाह निवासी शिवकुमार जीबीए स्टील लिमिटेड शिकोहाबाद में चालक है।
फर्म के मुनीम संदीप गौतम के साथ रुपये लाने-ले जाने का काम करता था। इससे शिवकुमार को पहले से जानकारी थी कि 18 अगस्त को मुनीम संदीप के साथ रुपये लेकर जाएगा। चालक शिवकुमार ने अपने भाई कुंवर बहादुर उर्फ सोनू व गांव के ही साथी विशाल उर्फ सीटू व उमेश उर्फ ततैया के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
शिवकुमार ने मोहम्मदाबाद के खाटू श्याम मंदिर के पास बेवर रोड पर सुनसान जगह हार्न चेक करने के बहाने कार रोक दी। इसी दौरान तीनों आरोपी बाइक से पहुंचे और मुनीम को तमंचा दिखाकर रुपये से भरा बैग लूट ले गए। लूटा गया बैग गांव वीरपुर के पास झाड़ियों में छिपा दिया। 19 अगस्त को चारों आरोपी पहुंचे और बैग से तीस लाख रुपये निकालकर बांट लिए।
एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के दौरान आरोपी चालक शिवकुमार से 9.75 लाख रुपये, विशाल के कब्जे से 8.25 लाख, उमेश के कब्जे से छह लाख रुपये बरामद हुए। जबकि आरोपी कुंवर बहादुर उर्फ सोनू छह लाख रुपये लेकर फरार हो गया। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त बाइक सीज कर दी गई।
पकड़ लाए गए सोनू को पुलिस चौकी में रखा
चचेरे भाई अनिल ने बताया कि पुलिस कुंवर बहादुर उर्फ सोनू को भी घर पकड़ लाई थी। पुलिस ने उसके कब्जे से रुपये भी ले लिए थे। उसे एक चौकी में रखा गया है। पर पुलिस उसे फरार बता रही है। उनके परिजन को पुलिस ने बुधवार देर रात छोड़ दिया था पर सोनू का न तो पुलिस ने चालान किया और न ही उसे छोड़ा है।