अमृतपुर। ओमवीर का कंकाल मिलने के बाद भी आरोपियों के हौसले कम नहीं हुए हैं। आरोप है कि कंकाल मिलने के बाद कुछ आरोपी ओमवीर के घर पहुंच गए। उन्होंने प्राथमिकी वापस लेने के लिए परिजन को धमकाया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने ओमवीर के घर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया है। एसओ रक्षा सिंह ने बताया कि धमकाने का आरोप गलत है। सतर्कता के कारण ओमवीर के घर पुलिस तैनात की गई है।
शर्ट व तौलिया से हुई पहचान
आठ माह पहले हत्या कर दफनाए गए ओमवीर के शव को जब निकाला गया तो वह कंकाल में तब्दील हो चुका था। उसके कपड़े बचे थे। शरीर पर पहने नेवी ब्लू कलर की शर्ट और पीले रंग की तौलिया से उसकी पहचान हो सकी। पास में ही दो जोड़ी चप्पलें मिलीं।
खेत में खड़ी मक्का की फसल
जिस खेत में ओमवीर के शव को दफनाया गया था। घटना के समय खेत खाली था। इसके बाद उसमें धान फसल बोई गई थी। धान की फसल कटने के बाद ओमवीर के दोस्त ने उसमें आलू की फसल की थी। आलू की खोदाई करने के बाद उसने मक्का की फसल बोई। इन दिनों उसमें मक्का की फसल खड़ी है।