नवाबगंज। दीवार फांदकर मकान में घुसे चोर अलमारी का ताला तोड़कर हजारों रुपये के जेवर चुरा ले गए। चोरों ने गांव के ही दूसरे घर में चोरी का प्रयास किया, लेकिन परिजनों के जागने पर भाग गए। ग्रामीण ने चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी उपनेश कुमार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव राजारामपुर मेई निवासी अपने साले धमेंद्र की बरात में पत्नी और बच्चों के साथ गए थे। घर में ताला लगा हुआ था। शुक्रवार की रात चोर दीवार फांदकर घर के अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे व अलमारी के ताले तोड़कर सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए।
शनिवार की सुबह पास के दूसरे मकान में रह रहे उपनेश के पिता प्रेमबाबू जानवरों को चारा डालने के लिए गए तो पुत्र उपनेश के कमरे का ताला टूटा हुआ पाया। प्रेमबाबू ने बेटे उपनेश को चोरी होने की जानकारी दी।
इस पर उपनेश परिजनों के साथ घर आया और उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। चोरों ने गांव के ही बंटी शाक्य के घर में भी चोरी करने का प्रयास किया था, लेकिन बंटी के परिजन जाग गए और शोर मचने पर चोर वहां से भाग गए। पुलिस ने दोनों ही चोरी के प्रकरणों में जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया।