चूल्हे की चिंगारी से छप्पर में आग लगने से तीन घरों का हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। महिला ने जैसे तैसे बालक को बचाया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर से ही लौट आई।
थाना क्षेत्र के गांव निशान नगला निवासी वीरेंद्र कुमार की पत्नी घन देवी ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसने चूल्हे पर चाय बनाने को रखी थी। इससे उठी चिंगारी से आग लग गई। उसका चार बर्षीय बेटा देव भी छप्पर में ही सो रहा था। अचानक आग की लपटें उठती देख वह चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर आस-पास के लोग आ गए।
देखते ही देखते लपटें उठने लगी पड़ोसियों ने जैसे तैसे बालक को छप्पर से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने हैंडपंप के पानी से आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने सूचना स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। रास्ता संकरा होने का कारण वहां पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर कमालगंज-कानपुर मुख्यमार्ग पर भटपुरा क्रासिंग के पास खड़ी रही।
वीरेंद्र के साथ-साथ धर्मवीर और सोनतारा का हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।