अमृतपुर। गांव नगला पंचम में बुधवार रात एक किसान के घर में चोर दीवार फांद कर घुस गए। उन्होंने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दो लाख के जेवर व बीस हजार की नगदी पार कर दी।
इस दौरान आवाज सुनकर जागे घरवालों ने एक चोर को दीवार फांदते समय पकड़ लिया। जबकि चार चोर जेवर व नगदी लेकर दीवार फांद कर भाग गए।
थाना क्षेत्र के गांव पंचम नगला निवासी किसान रामआसरे बुधवार रात परिवार समेत कमरे में सो रहे थे। परिवार के कुछ लोग बाहर वाले कमरे में सो रहे थे। रात में दीवार फांद कर घर में पांच चोर घुस गए।
कमरे में पहुंच कर चोरों ने वहां पर रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। बक्से से सोने की चेन, दो अंगूठी, एक जोड़ी झाले, 200 ग्राम चांदी की पायलें, 250 ग्राम चांदी का बिछवा और बीस हजार रुपये नगद निकाल लिए।
इस बीच खटपट की आवाजें सुनकर परिजनों ने शोर मचाया। तो पांचों चोर दीवार फांद कर भागने लगे। परिजनों के सहयोग से राम आसरे ने एक चोर को दीवार फांदते समय पकड़ लिया। जबकि उसके चार साथी जेवर व नगदी लेकर भाग गए।
यूपी 112 पर सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए चोर को साथ लेकर थाने आई। राम आसरे ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी है। एसओ जसवंत सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर दरोगा को भेजा गया था। घटना संदिग्ध लग रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।