फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल के आवासों की नौ घंटे से बिजली गुल होने से परेशान कर्मी सीएमएस का घेराव करने पहुंच गए। कुछ देर बाद आए सीएमएस ने समझा बुझाकर शांत किया। दिक्कत दूर न होने पर कर्मियों ने बुधवार को पर्चा काउंटर बंद कराने की धमकी दी।
लोहिया अस्पताल परिसर में बिजली की समस्या कई दिनों से बनी हुई है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे आवासीय परिसर की बिजली गुल हो गई। इसके बाद आवासों में रह रहे कर्मचारी और परिवार बेहाल हो गए। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल न होने पर कर्मचारी एकत्रित होकर सीएमएस के आवास पहुंच गए। सीएमएस के आवास पर न मिलने से कर्मचारी मायूस होकर लौटने लगे। इसी दौरान सीएमएस ने पहुंचकर कर्मियों को समझाया।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग से बात की है। मरम्मत का काम कई घंटे से चल रहा है। उनकी कोशिश है कि बिजली शीघ्र ही बहाल कर दी जाए। कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो वह बुधवार को पर्चा काउंटर पर काम नहीं होने देंगे। रात आठ बजे तक आवासों की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। लोग घरों के बाहर सड़कों पर परिवार सहित घूमने को मजबूर थे।