मोहम्मदाबाद। प्लास्टर के दौरान पड़ोसी के आंगन में सीमेंट गिरने से दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पथराव के साथ ही फायरिंग भी हुई। मारपीट में दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सकीउली निवासी जगरूप शुक्रवार को अपने घर की दीवार पर प्लास्टर कर रहे थे। पड़ोसी उमेश कुमार के आंगन में सीमेंट चला गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते लाठी डंडे व धारदार हथियार चलने लगे। विवाद में फायरिंग भी हुई। मारपीट में एक पक्ष से जगरूप, योगराज, योगेश तथा दूसरे पक्ष से उमेश कुमार व अंशु अंशु घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे मदनपुर चौकी इंचार्ज ने जांच की। एक पक्ष से योगेश तथा दूसरे पक्ष से उमेश ने कोतवाली में तहरीर दी। योगेश ने बताया कि दूसरे पक्ष ने अवैध असलहों से फायरिंग भी की। एक गोली पिता जगरूप के माथे से रगड़कर निकल गई, वह घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया।
कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मी नारायण ने बताया कि मामला मारपीट का है। दोनों पक्षों के घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। फायरिंग की घटना गलत है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।