फोटो-26 किलमापुर जाने वाले रास्ते पर पड़ी सरिया। स्रोत : जागरूक पाठक
मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। माफिया अनुपम दुबे के तकीपुर स्थित कुर्क निर्माणाधीन गेस्टहाउस से बृहस्पतिवार को सरिया चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। बुधवार रात को किलमापुर जाने वाले रास्ते पर करीब डेढ़ क्विंटल सरिया पड़ी मिलीं जिससे इनकी चोरी की चर्चा तेज हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक भोर में चार लोग सरिया ले जा रहे थे। टोके जाने पर वे सरिया वहीं छोड़कर भाग गए। लेखपाल ने पुलिस से गेस्ट हाउस की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया अनुपम दुबे व उनके भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई हुई थी। इसके तहत कस्बा के तकीपुर स्थित निर्माणाधीन गेस्टहाउस कुर्क कर लिया गया था। इसमें तहसीलदार प्रशासक नियुक्त हैं। घटना की जानकारी मिलने पर ब्लॉक से तहसीलदार सदर को सूचित किया गया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। लेखपाल संजय प्रताप सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से गेस्टहाउस की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में पड़ रहे घने कोहरे का फायदा उठाकर अराजकतत्व बाउंड्रीवाल फांदकर गेस्टहाउस में घुसने का प्रयास करते हैं। लेखपाल ने भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने का अनुरोध किया है।
पूर्व में भी हो चुकी है चोरी
यह पहली बार नहीं है जब कुर्क गेस्टहाउस में चोरी का मामला सामने आया है। एक वर्ष पूर्व भी इस निर्माणाधीन गेस्टहाउस से ताले तोड़कर निर्माण के लिए रखी सीमेंट की बोरियां चोरी हो चुकी हैं। उस समय भी चोरी की पुष्टि को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से स्पष्टता नहीं थी। वर्तमान में सरिया चोरी की घटना ने एक बार फिर गेस्टहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभी तक चोरी की पुष्टि से पुलिस और प्रशासन बच रहा है। तहसीलदार सनी कनौजिया के अनुसार कुर्की के समय गेस्टहाउस में कोई सामान नहीं था। ऐसे में सरिया चोरी की चर्चा और लेखपाल की ओर से तहरीर देने के बाद भी अफसरों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
वर्जन
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद शुक्ला ने बताया कि रास्ते में सरिया पड़े होने की सूचना मिली है। सरिया को कब्जे में लेकर यह कहां से आई हैं इसकी जांच कराई जा रही है।