मोहम्मदाबाद। ज्वैलर्स की दुकान का शटर उचकाकर चोर जेवर व नगदी चोरी कर ले गए। मकान मालिक की सूचना पर ज्वैलर्स पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। तहरीर के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है।
कसबा निवासी विकास कुमार की मुरहास कन्हैया में विकास ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। विकास के मुताबिक शुक्रवार को वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोरों ने शटर उचका कर सोने-चांदी के जेवर के अलावा नगदी पार कर दी। शनिवार सुबह मकान मालिक ने जब शटर उचका देखा तो इसकी जानकारी विकास को दी। विकास ने अंदर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था, गोलक खुली थी।
सूचना पर कोतवाली पुलिस ने जांच की। विकास ने बताया कि चोर दुकान से 11 जोड़ी बिछिया, खड़वा, चांदी की अंगूठी, तोड़िया समेत सोने-चांदी के जेवर और गोलक में रखे करीब पांच हजार रुपये उठा ले गए। बताया कि करीब 40 हजार रुपये की चोरी हुई है। कोतवाल भीम सिंह जावला ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पुलिस ने पट्टी खुर्द निवासी एक युवक को हिरासत में लिया है।