फर्रुखाबाद। मोबाइल की दुकान का शटर उचका कर चोर रविवार की रात तीन लाख के मोबाइल पार कर ले गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
शहर कोतवाली के मोहल्ला नितगंजा दक्षिण निवासी विजय गुप्ता की मुख्य मार्ग पर मोबाइल की दुकान है। रविवार की रात दुकान बंद करने के बाद घर चले गए थे। रात को चोरों ने गली की तरफ लगे शटर को जैक से उचका कर गोलक से नगदी व कीमती मोबाइल चोरी कर ले गए। चोर सस्ते मोबाइल दुकान में ही छोड़ गए। सोमवार की सुबह लोगों ने शटर उचका देखकर विजय को जानकारी दी।
विजय गुप्ता के अलावा परिवार के रिंटू गुप्ता समेत काफी लोग मौके पर पहुंचे। यहां पर आसपास के कई दुकानदार भी एकत्रित हो गए। मुख्य मार्ग पर चोरी की वारदात होने से दुकानदारों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की।
तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। विजय गुप्ता ने बताया कि दुकान से करीब 80 मोबाइल चोर ले गए। इनकी कीमत करीब 3 लाख रुपये होगी। चोर गोलक से 2500 रुपये भी गायब हैं।