मोहम्मदाबाद। कस्बा में चोरों ने सोमवार रात निजी नलकूप व खोखा को निशाना बनाया। चोर करीब 10 हजार रुपये का सामान पार कर ले गए हैं। हालांकि पुलिस सूचना न मिलने की बात कह रही है। सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हो गए हैं।
नगर पंचायत खिमसेपुर के वार्ड नंबर आठ अवंती बाई नगर ज्योता रोड पर होरीलाल के पुत्र रोशन लाल के मकान के सामने परचून का खोखा रखा है। रात में चोरों ने खोखे का ताला तोड़कर कर उसमें रखे दो हजार रुपये और करीब आठ हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सुबह दुकान खुली देखकर ग्रामीणों ने रोशन लाल को जानकारी दी। रोशन लाल की सूचना पर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। इसके अलावा खोखा से करीब 800 मीटर दूरी पर गांव नगला दुर्जन निवासी आलम सिंह के खेत में लगे निजी नलकूप का ताला तोड़कर चोरों ने 50 किलो लेजम पाइप चोरी कर लिया। चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया चोरी की जानकारी पर उन्होंने घटनास्थल पहुंचकर जांच की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।