फर्रुखाबाद। मोबाइल दुकान में हुई तीन लाख की चोरी में सीसीटीवी कैमरे में चोरों के फुटेज कैद हो जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। वहीं व्यापारियों में चोरी की घटना से आक्रोश है। पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुलमंडी निवासी सचिन गुप्ता की कोतवाली से पचास मीटर की दूूरी पर अनाया मोबाइल सेंटर के नाम से दुकान है। मंगलवार रात चोर दुकान के ताले तोड़कर तीन लाख रुपये के मोबाइल व नगदी चोरी कर ले गए थे।
पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों चोरों के फुटेज कैद हो गए। इसके बाद भी पुलिस दूसरे दिन चोरी के मामले में किसी को पकड़ने में कामयाब नहीं हुई। पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।
जो कि चोरों की कद काठी के थे। वहीं कस्बे के व्यापारियों का कहना है कि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा होना चाहिए। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि टीमें लगी हुईं हैं। शीघ्र की खुलासा कर दिया जाएगा।