शमसाबाद। चोरों ने गुरुवार रात तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों के नकदी व जेवरात पार कर दिए। शादी की तैयारियों में जुटे किसान धनपाल के घर हुई चोरी के साथ ही दो अन्य पड़ोसियों के घरों में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव उद्योपुर में किसान धनपाल शाक्य के घर चोर मुख्य गेट की कुंडी खोलकर अंदर घुसे और कमरे के ताले तोड़कर बक्सों में रखी नकदी और कीमती जेवरात चुरा ले गए। धनपाल की पत्नी कुसुम कली ने बताया कि उनके बेटे राहुल की बरात 28 अप्रैल को जानी है और भांजी की बरात 12 मई को आनी है। अब न तो पैसा बचा है और न ही जेवर, जिससे परिवार गहरे संकट में है।
चोरी हुए जेवरों में एक जोड़ी झाले, दो जोड़ी पायल, दो सोने की अंगूठियां, एक दस्तबंद, एक जोड़ी कुंडल, सोने का मांग टीका और एक चांदी की कंधनी शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही घर से एक लाख रुपये नकद भी चोरी हुए हैं। घटना के दौरान चोर तीन बक्सों को उठा ले गए, जिन्हें बाद में गांव के रमेश के खेत में फेंका हुआ पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
धनपाल के पड़ोसी रोशनलाल और रामावतार के घरों में भी चोरी का प्रयास किया गया। हालांकि उनके मकान खाली होने के कारण चोरों को वहां कुछ नहीं मिला। थानाध्यक्षा तरुण भदौरिया ने बताया कि तहरीर मिली है। इस आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।