अमृतपुर। गांव पिथनापुर में घर के बाहर युवक का शव नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से रविवार सुबह लटका मिला। उसकी पैंट पर आई लव यू और महिला का नाम लिखा है। पुलिस की जांच में पता चला कि युवक का रिश्तेदार महिला से प्रेम प्रसंग था। इससे मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। परिजन ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
थाना क्षेत्र के गांव पिथनापुर निवासी संदीप सिंह (27) कासगंज जिले के थाना गंजडुंडवारा के गांव लालूपुर में रिश्तेदारी में रहकर मजदूरी करते थे। पिथनापुर में मां गायत्री, भाई कुलदीप सिंह व बहन जीतू, शिवानी व लकी रहते हैं। रविवार सुबह मां गायत्री जागकर घर के बाहर गईं तो संदीप का शव घर के बाहर खड़े नीम के पेड़ में रस्सी के फंदे से लटका मिला। इससे परिजनों में चीख पुकार मच गई। थाना पुलिस ने पहुंच कर शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। फील्ड यूनिट ने नमूने लिए। मां गायत्री देवी ने बताया कि संदीप कब घर आया, इसकी जानकारी नहीं है। चारपाई पर बैग रखा था और उसी चारपाई की रस्सी कटी मिली है। थानाध्यक्ष मोनू शाक्य ने बताया कि जिस रिश्तेदार के घर में रहता था। उसी घर की महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पेंट के ऊपर आई लव यू और महिला का नाम लिखा था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।