जीप में बैठा अपह्रत युवक ओमेंद्र सिंह व सोता सिपाही।
- फोटो : अमर उजाला
मोहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र की पुलिस चौकी पखना क्षेत्र में एटा से अपह्रत कर लाया गया युवक एक खेत में बंधा मिला। सूचना मिलने पर पखना पुलिस उसे कोतवाली मोहम्मदाबाद ले आई।
युवक ओमेंद्र सिंह पुत्र धारा सिंह ने बताया कि वह पड़ोसी जिला एटा के गांव बाबलीसकीट का रहने वाला है। 19 सितंबर को शाम करीब 4 बजे वह अपने निजी ट्रैक्टर मैसी से आसपुर जा रहा था।
रास्ते में सेंथरी गांव के निकट काली बोलेरो ने उसे ओवरटेक करके ट्रैक्टर के आगे लगा दिया। बोलेरो से उतरे पांच बदमाशों ने उसे पकड़कर बोलेरो में डाल लिया और ट्रैक्टर लूट ले गए।
इसके बाद उसकी आंखों में पट्टी बांधकर अंजान जगह ले गए। बुधवार रात 11 बजे वह कटिन्ना बिहार मार्ग पर कुड़ियानी के पास पल्लू पंडित के खेत में हाथ-पैर बांधकर डाल गए।
सुबह गांव वालों ने जब देखा तो उसके हाथ-पैर खोले और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल भीमसिंह जावला का कहना है कि इसकी सकीट थाने में गुमशुदगी दर्ज है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने पर उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा।