मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के गांव मुडगांव में सोमवार भोर महिला ने आंगन में खड़े नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। बच्ची के रोने पर पति जागा तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पति अजय बाथम ने बताया कि शाम को पत्नी मायके जाने के लिए रुपये मांग रही थी। उसके रुपये न होने की बात कही। इसी को लेकर नोकझोंक हो गई थी।
मुड़गांव निवासी अजय बाथम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके पास गांव में पक्का मकान न होने से टीन शेड में रहता है। उसके तीन बच्चे हैं। रात में किसी समय उसकी पत्नी राधा (27) ने आंगन में खड़े नीम के पेड़ पर साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। भोर करीब 3 बजे उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी बिट्टू के रोने की आवाज सुनकर पति अजय बाथम की नींद खुली। उसने राधा को चारपाई पर नहीं पाया। उसने बाहर जाकर देखा तो पत्नी नीम के पेड़ से लटक रही थी। आनन-फानन उसे उतारा और पुलिस को सूचना दी। अपराध निरीक्षक यतेंद्र सिंह सोलंकी व उप निरीक्षक अनुज कुमार मौके पर पहुंचे। उसके तीन बच्चे अनन्या(7), आदित्य(4) और बिट्टू(डेढ़ वर्ष) हैं। मायके वालों को घटना की सूचना दी गई। राधा के बड़े भाई ने मौके पर पहुंचकर पहले आरोप-प्रत्यारोप लगाए। इससे काफी देर तक शव नहीं उठ सका। अपराध निरीक्षक के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। उप निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।