फर्रुखाबाद/अमृतपुर। पहाड़ों पर हो रही बरसात और बांधों से छोड़ा जा रहे पानी से गंगा का जलस्तर फिर से बढ़ने लगा है। दो दिनों से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने से गंगा के जलस्तर में 40 सेमी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गंगा किनारे बैठे गंगापुत्रों के घाटों में पानी भरने से उन्हें पीछे हटकर ऊंचे स्थान पर अपने घाट लगाने पड़े हैं।
शुक्रवार को बुलंदशहर के चौधरी चरण सिंह बांध नरौरा से गंगा में 38,740 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बृहस्पतिवार को 62,053 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इसके चलते गंगा का जलस्तर 135.70 मीटर से बढ़कर 136.10 मीटर पर पहुंच गया है।
गंगा का जलस्तर बढ़ने से गंगा तट पर पंडों के घाटों पर पानी गया। घाटों पर पानी भरने से गंगा पुत्र अपने-तख्त व पूजा सामग्री को हटाकर ऊंचे स्थान पर ले गए। गंगा का पानी तीसराम की मड़ैया, गौटिया, आशा की मड़ैया, रामपुर, जोगराजपुर, सुन्दरपुर, हरसिंहपुर कायस्थ, ऊगरपुर आदि गांव के पास पहुंच गया है।