नशा मुक्ति अभियान के तहत सबका साथ गांव विकास समिति के सदस्यों ने अल्लाहपुर गांव में दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों को शराब न पीने की शपथ दिलाई। समिति के सदस्यों ने रानीपुर गौर गांव से शराब कारोबार को उखाड़ फेंकने वाले युवकों को मेडल देकर सम्मानित किया।
सबका साथ गंाव विकास समिति के सदस्य मधुसूदन फौजी, सतीश चंद्र, शिवपाल, धनपाल, रामकिशोर ने अल्लाहपुर गांव में ग्रामीणों को शराब से तौबा करने के लिए प्रेरित किया। इनकी प्रेरणा पर गांव के दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने शराब न पीने की कसम खाई।
मधुसूदन ने बताया कि समिति ने गांवों में लोगों को शराब से मुक्ति दिलाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत समितियों का गठन कर आस पास के गांवों में लोगों को नशा से छुटकारा पाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान में शामिल होने और शपथ लेने वाले यदि शराब पीते मिले तो उनसे जुर्माना भी वसूला जाएगा। पिछले दिनों रानीपुर गौर में शराब कारोबार को बंद कराकर लोगों को शराब न पीने के लिए जागरुक करने वाले युवकों मनोज कुमार, शिवमंगल, अवनीश, सुशील, सुरेंद्र, गया प्रसाद आदि को मेडल देकर सम्मानित किया गया।