मंदिर से घर लौट रही किशोरी का दो युवकों ने अपहरण कर दुष्कर्म किया। फिर उसे चिलसरा रोड पर छोड़ दिया। पुलिस ने किशोरी का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी गुरुवार को मंदिर दर्शन करने गई थी। वह वहां से वापस घर लौट रही थी। रास्ते में दो युवक बोलेरो गाड़ी से आए और किशोरी को जबरन गाड़ी में बैठा कर ले गए। शाम तक किशोरी के घर वापस न लौटने पर परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को टरका दिया। अगले दिन किशोरी किसी तरह घर पहुंची।
उसने परिजनों से वाकया बताया। आरोप लगाया कि युवकों ने उसके साथ रेप के बाद शुक्रवार की सुबह चिलसरा रोड पर छोड़ दिया। शनिवार को पीड़िता की मां पुलिस लाइन पहुंचे डीआईजी एन चौधरी से मिलने पहुंच गई। हालांकि वह डीआईजी से मिल नहीं पाई, लेकिन पुलिस ने आनन-फानन में किशोरी का लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया। थानाध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।