फर्रुखाबाद। भाजपा के कद्दावर नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व विधायक विजय सिंह के घर 17 मार्च को हुई विस्फोट के बाद मकान की स्थिति का सच जानने तकनीकी टीम पहुंची। टीम ने बेसमेंट के अलावा दूसरी मंजिल की भी जांच की। टीम शनिवार को अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को बनाकर देगी। इसके बाद मकान खतरे से बाहर है अथवा खतरे में है की जानकारी हो सकेगी।
शहर कोतवाली के नाला मछरट्टा स्थित पूर्व विधायक के मकान में 17 मार्च की शाम को विस्फोट हुआ था। इसमें उनके दो पुत्र समेत छह लोग घायल हो गए थे। इनमें मित्तू कूंचा निवासी राशू मिश्रा को लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य सभी घायल अलग-अलग अस्पतालों में पुलिस की अभिरक्षा में इलाज करवा रहे हैं। इनमें नूरपुर के भैयालाल की हालत गंभीर होने पर कानपुर से रेफर किया गया है। जबर्दस्त विस्फोट होने से बेसमेंट का लिंटर धराशायी हो गया था। मकान के तीसरी मंजिल तक के शीशे, दरवाजे, चैनल भी उखड़ गए थे। मकान में अधिक क्षति होने के कारण मकान खतरे में है अथवा नहीं। इसका सच पता लगाने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल की अगुवाई में तकनीकी टीम बना दी।
टीम में शामिल सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता मुरलीधर, ईओ विनोद कुमार आदि अधिकारी पुलिस बल के साथ शाम करीब साढ़े पांच बजे पहुंचे। उन्होंने मकान में हुए नुकसान की बारीकी से जांच की। अधिशासी अभियंता मुरलीधर ने बताया कि शीघ्र ही जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। इसके बाद उनके स्तर से आगे का फैसला लिए जाएगा। मकान में नुकसान काफी है।