कमालगंज। शारदीय नवरात्र की दुर्गाष्टमी पर कस्बा में निकली भव्य मां दुर्गा शोभायात्रा की आकर्षक झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया। जयकारे लगाकर भावविभोर श्रद्धालु जमकर झूमे। डीजे पर बज रहे भजनों की गूंज रही।
रविवार शाम श्री दुर्गाष्टमी पर बैंड बाजे व डीजे गाड़ियों के साथ मां दुर्गा की शोभायात्रा निकाली गई। सबसे आगे भगवान श्री गणेश की झांकी, उसके पीछे खाटू श्याम जी, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण तथा मां दुर्गा के नौ रूपों की झांकियां शामिल रहीं। मां के दरबार के साथ पैदल चल रहे बजरंगी व भैरव बाबा की झांकी ने लोगों का मनमोह लिया।
धार्मिक गीतों की धुन पर भावविभोर श्रद्धालु जमकर झूमे। मां के दरबार के दर्शन एवं प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दरबार के साथ चल रही महिलाओं ने जयकारे लगाए। शोभायात्रा कस्बे के चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर से शुरू होकर तपस्वी वाले बाग शिव मंदिर से गंगागली, मिठइया गली होते हुए रेलवे स्टेशन रोड से होकर मुख्य मार्ग से होते हुए दीप केशरी मंदिर गिहार बस्ती पहुंची।
यहां से चौराहे पर आकर यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में धीरू शुक्ला, राजेन्द्र चौरसिया पुजारी, विक्की चौरसिया, यश, राजा, रामजी, मनीष, राज, आकाश गुप्ता, सुमन शुक्ला, रोशनी, मानसी आदि भक्तों ने व्यवस्था देखी। यात्रा के दौरान जाम से निपटने के लिए रूट डायवर्ट कर दिया गया। शेखपुर गुमटी से वाहनों को डायवर्ट कर नारायनपुर होते हुए कोटिया चौराहे पर निकाला गया। यहां से रजीपुर होकर गुरसहायगंज की ओर रवाना किए गए। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे।