जहानगंज। क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर मां की हत्या करने वाला आरोपी पुत्र चार दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस उसकी पत्नी और दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव बर्ना खुर्द निवासी राजवती को उसके ही पुत्र विजय उर्फ विवेक ने एक जून को क्रिकेट के बल्ले से पीट-पीटकर घायल कर दिया था। परिजन राजवती को लेकर लोहिया अस्पताल आए, जहां उनकी मौत हो गई थी। आरोपी विजय मौके से भाग गया था। बीते दिन प्रवेश यादव उर्फ शैतान ने भाई विजय के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस आरोपी की पत्नी सोनी यादव एवं दोस्त अंकित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक हत्यारोपी के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। थानाध्यक्ष जितेंद्र पटेल ने बताया कि आरोपी की पत्नी व दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जल्द हत्यारोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।