फसल बर्बादी के सदमे से ब्लाक क्षेत्र के गांव खानपुर में बुधवार तड़के
किसान की मौत हो गई। सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी अमृतपुर मौके पर पहुंचे
और परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने शव का पंचनामा कराने से इनकार कर
दिया। गांव खानपुर निवासी बलवीर सिंह कुशवाह (60) पुत्र नत्थू सिंह के पास
करीब 20 बीघा खेत है। उनके पुत्र सुधीर कुमार के
मुताबिक मंगलवार की रात
पिता बलवीर सिंह भोजन करके कमरे में सो गए। बुधवार तड़के पिता की अचानक
तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने आवाज दी तो परिजन जाग गए। परिजन उन्हें अस्पताल
ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उनकी मौत हो गई। सुधीर ने बताया कि
ओलावृष्टि और बरसात से खेत में खड़ी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। इससे पिता
परेशान रहते थे। 1.70
लाख का केसीसी ऋण भी पिता ने ले रखा था। किसान की मौत
होने की जानकारी मिलने पर उप जिलाधिकारी अमृतपुर लालजी मिश्रा मृतक के
किसान के घर गए। उन्होंने मृतक का पोस्टमार्टम कराने को कहा तो परिजनों
इनकार कर दिया।
एसडीएम ने मृतक के खेत में खड़ी गेहूं की फसल का जायजा
लिया। एसडीएम ने बताया कि मृतक को दिल की बीमारी थी। हार्टअटैक से मौत हुई
है। सदमे से नहीं। एसडीएम ने बताया कि फसल में मात्र 10 प्रतिशत का नुकसान
हुआ है। इसके चलते मृतक किसान के परिजन मुआवजा मिलने की श्रेणी में नहीं
आते हैं।