नवाबगंज। कस्बा स्थित सीएचसी का सीएमओ ने निरीक्षण किया। प्रसूता से रुपये मांगने की शिकायत पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए दोनों स्टाफ नर्स का वेतन रोक दिया। बीपीएचयू से कंप्यूटर, प्रिंटर आदि सामान गायब मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अवनींद्र कुमार सुबह 11.25 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद फार्मासिस्ट सर्वेश श्रीवास्तव व इमरजेंसी आफीसर डॉ.वशिष्ठ कटियार से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। फिर लेबर रूम पहुंचे। वहां गांव कढ़ेली निवासी प्रसूता गोमती पत्नी अजीत भर्ती थीं। प्रसूता की सास ने प्रसव के नाम पर 1100 रुपये लेने की शिकायत की। इस पर सीएमओ ने स्टाफ नर्स की फटकार लगाई। स्टाफ नर्स मधू व रेनू का वेतन रोककर स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
सीएमओ को नवनिर्मित लैब बीपीएचयू के लिए जुलाई में आया मॉनीटर, सीपीयू, प्रिंटर व बैटरी गायब मिला। इस पर सीएमओ ने फार्मासिस्ट सर्वेश श्रीवास्तव से नाराजगी जताई। कहा कि यदि सामान चोरी हुआ है तो प्राथमिकी दर्ज कराओ अन्यथा वह स्वयं जिम्मेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। फार्मासिस्ट ने कहा कि यह सभी सामग्री फार्मासिस्ट राजीव यादव ने रिसीव की थी। वह उनसे बात कर एक सप्ताह में सामान उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने फार्मासिस्ट राजीव यादव को कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीएमओ रैन बसेरा पहुंचे तो उसमें ताला लगा देखकर नाराजगी जताई। सीएमओ ने कहा कि रैन बसेरा हमेशा खुला मिलना चाहिए, अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डॉ.वशिष्ठ कटियार को प्रत्येक पीएचसी पर आरोग्य मेला का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ ने पीएचसी अचरिया वाकरपुर पहुंचकर निरीक्षण किया। वहां गंदगी व अव्यवस्थाएं मिलने पर फार्मासिस्ट विनीत पांडेय से नाराजगी जताते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए। स्पष्टीकरण भी तलब किया है। उन्होंने पीएचसी अचरा खलवार व सिरौली का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।