फर्रुखाबाद। कचहरी परिसर में युवक के अपहरण की अफवाह से हड़कंप मच गया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली आई। यहां समझौता हो जाने पर युवक को छोड़ दिया गया।
थाना कमालगंज के गांव महरूपुर रावी निवासी आलोक कोतवाली कायमगंज क्षेत्र की रहने वाली किशोरी को पिछले महीने बहलाफुसला कर ले गया था। इस मामले की कायमगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिश्तेदारी की किशोरी होने के कारण उसके परिवार के लोग किशोरी को वापस बुलाने के लिए आलोक पर दबाव बना रहे थे। दोनों परिवार के बीच तय हुआ कि किशोरी के वापस होने पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
समझौता होने पर 30 जनवरी को किशोरी वापस घर आ गई। किशोरी के परिजनों ने आलोक को अपने यहां रोक लिया था। किशोरी के परिजन आलोक को अपने साथ लेकर मंगलवार को कचहरी आए थे। आलोक एक अधिवक्ता के बस्ते पर बैठ गया। उसी समय आलोक खुद का अपहरण करने की बात कह कर शोर मचाने लगा। शोर शराबा होने पर यहां मौजूद लोग लड़की के परिजनों को पीटने के लिए दौड़ पड़े। लड़की के परिजनों ने भागकर जान बचाई।
अपहरण की सूचना एएसपी रामभवन चौरसिया को दी गई। सूचना मिलने पर एएसपी, फतेहगढ़ कोतवाल अजीत सिंह फोर्स के साथ मौके पहुंचे। पुलिस आलोक को हिरासत में लेकर कोतवाली बुला ले गई। जांच में पता चला कि आलोक की तीन साल पहले शादी हो चुकी है। शादी के बाद आलोक ने रिश्तेदारी की एक किशोरी को ले गया था। इसका मुकदमा कायमगंज में दर्ज है। किशोरी के परिजन कचहरी में लिखापढ़ी कर आलोक को वापस करना चाह रहे थे। इस दौरान आलोक ने नाटक किया था। कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि दोनों के बीच समझौता हो जाने पर आलोक को छोड़ दिया गया।