फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हो गए हैं। इनकी मरम्मत केे लिए महकमा संजीदा नहीं है। इससे अराजकतत्व और कर्मचारियों की निगरानी नहीं हो पा रही है।
लोहिया अस्पताल में महिला व पुरुष विंग हैं। मार्च 2015 में दोनों विंगों में 16-16 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। इनका कांट्रेक्ट कान्हा आर्या कारपोरेशन कानपुर को दिया गया था। पुरुष अस्पताल में 16 सीसीटीवी कैमरों को 93 हजार रुपये की लागत से लगाया गया था।
महिला अस्पताल में 16 कैमरे 1 लाख 38 हजार रुपये में लगे थे। इनकी रेंज पुरुष विंग में लगे कैमरों से ज्यादा है। इनका मकसद अस्पताल में आने जाने वालाें पर नजर रखना था। साथ ही दलालों और अराजकतत्वों की निगहबानी भी करनी थी। जून में ये कैमरे खराब हो गए। इससे मॉनीटरिंग नहीं हो पा रही है।
कर्मचारियाें ने खराब कर दी बायोमीट्रिक मशीन
सीसीटीवी कैमरों के साथ ही दोनों विंगाें में डाक्टराें और कर्मचारियाें की हाजिरी के लिए दो -दो बायोमीट्रिक मशीनें भी मार्च में लगवाई गई थी। इनकी कीमत 16 हजार 611 रुपये थी। ये मशीनें हाजिरी के साथ ही टाइम भी रिकार्ड करती थीं। अस्पताल में देर से आने वाले कर्मचारियाें को ये बायोमीट्रिक मशीनें रास नहीं आईं। अस्पताल के सूत्राें के मुताबिक इन्हें कर्मचारियाें ने ही खराब कर डाला।
वर्जन
सीसीटीवी कैमरों और बायोमीट्रिक मशीनाें को ठीक कराने की सूचना कंपनी को मोबाइल से दी गई है। अभी कंपनी ने कोई कर्मचारी नहीं भेजा है। इन उपकरणों की एक साल की गारंटी है। - डा. बीबी पुष्कर,सीएमएस