रिटायर्ड सैनिक पर हमले में रेस्टोरेंट मालिक गया जेल
फर्रुखाबाद। रिटायर्ड सैनिक पर जानलेवा हमले के आरोपी रेस्टोरेंट मालिक को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला जय नारायण वर्मा रोड निवासी रिटायर्ड सैनिक रवि प्रताप उर्फ पंकज दो दिसंबर की रात कार से विवाह समारोह में शामिल होने के बाद घर आ रहे थे।
आंबेडकर मूर्ति तिराहे पर रास्ते से कार हटाने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने उनसे मारपीट कर फायरिंग कर दी थी। इसमें रवि प्रताप के सिर में गोली लगी थी। पुलिस ने दो दिन बाद पांच लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया था। दो दिन पहले गांव धंसुआ निवासी रेस्टोरेंट मालिक भीमसेन राजपूत को पुलिस घर से पकड़ लाई।
भीमसेन के पकड़े जाने पर एक जनप्रतिनिधि ने पुलिस पर उसे छोड़ने का दबाव बनाया। उधर सत्ताधारी पार्टी से जुड़े एक नेता ने भी भीमसेन की गिरफ्तारी को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर दबाव बनाया कि हर हाल में भीमसेन का चालान किया जाए।
इसकी जानकारी एसपी अशोक कुमार मीणा को हुई, तो उन्होंने कोतवाल जय प्रकाश पाल की फटकार लगाई। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी भीमसेन राजपूत को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। कोतवाल जय प्रकाश पाल ने बताया कि आरोपी भीमसेन का जानलेवा हमले के मामले में चालान किया गया है।