फर्रुखाबाद। अंत्योदय राशनकार्ड बनवाने के लिए भटक रहे युवक ने कोटेदार पर आरोप लगाए। युवक का आरोप है कि कोटेदार ने उसका अंत्योदय राशनकार्ड कटवाकर अपने घर के सदस्यों के नाम राशनकार्ड बनवा दिए। अधिकारी भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गांव कुबेरपुर कुड़रा निवासी विनोद राजपूत, मां लीलावती पत्नी शैलेंद्र कुमार का अंत्योदय राशनकार्ड बनवाने के लिए करीब चार माह से डीएसओ कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। मगर उसका राशनकार्ड नहीं बना है।
विनोद कुमार ने कहा कि पहले उनके पिता के नाम अंत्योदय राशनकार्ड संख्या 19373 जारी था। आरोप है कि कोटेदार ने पिता का राशनकार्ड कटवाकर पुत्रों के नाम अंत्योदय राशनकार्ड बनवा दिए। वह मुख्यमंत्री से भी शिकायत करेगा।
डीएसओ सुरेंद्र यादव ने बताया कि विनोद राजपूत का मामला संज्ञान में है। कोटेदार ने अपने सदस्यों के नाम अंत्योदय राशनकार्ड बनवाए हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। अपात्र मिलने पर उनके अंत्योदय राशनकार्ड निरस्त किए जाएंगे।