अमृतपुर। शासन के दावे और प्रशासन के आदेश अन्ना गोवंश से निजात के नाम पर झूठे साबित हो रहे हैं। अन्ना गोवंश के संकट से किसान पूस की रात फूस से काटते दिख रहे हैं। कड़कड़ाती ठंड में मकान की जगह मचान नसीब हो रहा है। दिन भर काम करने के साथ ही शाम को लाठी लेकर किसानों को रात भर खेतों में गोवंशों से घमासान करना पड़ रहा है।
सरकार भले ही गोसंरक्षण करने में सख्त दिख रही है, लेकिन यह संरक्षण किसानों को अब भारी पड़ रहा है। फसलों के लिए काल बने अन्ना गोवंश किसानों की रोजी-रोटी पर डाका डाल रहे हैं। किसानों को गोवंश से निजात के लिए शासन व प्रशासन आदेश की तारीखें बढ़ाता चला जा रहा है, लेकिन निजात की तारीख अब तक तय नहीं हो सकी है। हालत यह है कि गोशाला में संरक्षित गोवंशाें से अधिक अन्ना गोवंश झुंड बनाकर खेतों में घूम रहे हैं। इससे किसानों की नींद हराम है। बाढ़ग्रस्त ब्लॉक क्षेत्र राजेपुर के किसान गंगा की बाढ़ में खरीफ की फसल खो चुके हैं। अब उन्हें रबी की फसल से ही पूरे साल की रोटी का सहारा है।
इन दिनों खेतों में गेहूं, सरसों, मसूर, चना, मटर, जौ, आलू की लहलहाती फसलें देखकर किसान खुश हैं। समृद्ध किसान अन्ना गोवंश से फसलें बचाने के लिए खेत के चारों और कंटीले तार लगा रहे तो कोई कपड़ा व रस्सी बांध रहा है। वहीं, छोटे व गरीब किसान बमुश्किल फसल तैयार करने के लिए जोड़-जुगाड़ कर लागत लगा रहे। अब गोवंश से बचाने के लिए वह कड़कड़ाती ठंड भरी पूस की रात खेतों में गुजारने के लिए मजबूर हैं। घर छोड़कर कोई किसान खेत में मचान बनाकर फसल बचा रहा है तो कोई फूस की आग जलाकर रात गुजारता दिख रहा है।
एक रात भी चूक गए तो अन्ना गोवंश किसानों की मेहनत पर पानी फेर देते हैं। बच्चों को साल भर की रोजी-रोटी बचाने के लिए किसान शाम होते ही एक हाथ में लाठी तो दूसरे में टार्च लेकर खेतों की ओर निकल जाते हैं। मकान की जगह उनका मचान पर ही रात का बसेरा तय हो गया है।
आखिर कब चलेगा अभियान
क्षेत्र के किसान निरभान, अनुज कुमार सिंह, कल्लू सिंह, सुरेंद्र कुमार, राजाराम, रामनरेश का कहना है कि फसल बचाने के लिए रातें खेत में ही गुजर रही हैं। आखिर कब गोवंश पकड़ने के लिए अभियान चलेगा और कब निजात मिलेगी।
बोले जिम्मेदार
गोवंश पकड़वाने के लिए बीडीओ को निर्देशित किया गया है। किस स्तर पर दिक्कत आ रही है, इसे वह दिखवाएंगे। बीडीओ की टीम के साथ तहसील की टीम लगाकर शीघ्र ही गोवंश पकड़वाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। -अतुल कुमार सिंह, एसडीएम, अमृतपुर