फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नकलविहीन परीक्षाओं की तैयारियां धड़ाम

Sat, 20 Feb 2016 11:19 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,फर्रुखाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। नकलविहीन परीक्षाओं की तैयारियां धड़ाम हो गई हैं। डीएम के आदेश के बावजूद कई परीक्षा केेंद्रों की आउटर खिड़कियां बंद नहीं की गईं। सुरक्षा के लिए डंडाधारी एक-एक होमगार्ड की तैनाती ही की गई है। शिक्षकों की कमी के कारण कई केंद्रों व्यवस्थापकों ने कालेज के कर्मचारियों के सहयोग से परीक्षा कराई। अतिसंवेदनशील केंद्रों पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों की गोपनीय रिपोर्ट तक उपलब्ध नहीं कराते हैं।
विज्ञापन


बोर्ड परीक्षओं को नकलविहीन कराने के लिए जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों की आउटर खिड़कियों को बंद कराने, गेट पर सघन चेकिंग किए जाने और अराजकतत्वों को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात करने का आदेश दिया था। डीएम के फरमान को केंद्र व्यवस्थापकोें ने धता बताकर केंद्रों की आउटर खिड़कियों को बंद नहीं कराया। खुली खिड़कियों के माध्यम से परीक्षार्थियों को लोग आसानी से नकल पहुंचा रहे हैं। यह नजारा शनिवार को परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर दिखाई दिया।

मौलाना आजाद इंटर कालेज कमालगंज में सुरक्षा के लिए एक डंडाधारी होमगार्ड तैनात था। इस केंद्र की आउटर खिड़कियों को बंद नहीं कराया गया। शिक्षकों की कमी के कारण कालेज के कर्मचारियों के सहारे परीक्षा संपन्न कराई गई। प्रबंधक खालिद हुसैन ने बताया कि दस शिक्षक मांगे थे। दो शिक्षक ही मिले। इस कारण कर्मचारियों को परीक्षा कार्य में लगाया गया। श्री फिरोज गांधी इंटर कालेज में छात्राओं की चेकिंग के लिए महिला पुलिस कर्मी की तैनाती नहीं हुई। यहां एक होमगार्ड को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। केेंद्र के पीछे की खिड़की खुली थी। इसमें लगी जाली को तोड़ दिया गया। जिसको ठीक नहीं कराया गया। प्रधानाचार्य सत्यप्रकाश का कहना है कि फोर्स की कई बार मांग की गई। लेकिन फोर्स मुहैया नहीं कराई गई।
विज्ञापन


अतिसंवेदनशील केंद्रों पर नकल रोकने के लिए तैनात किए गए स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों में होने वाली हरकतों की गोपनीय रिपोर्ट जिला विद्यालय कार्यालय में उपलब्ध नहीं कराते। वह विद्यालय जाते और परीक्षा काल का समय पूरा कर लौट जाते हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश बाबू का कहना है कि स्टेटिक मजिस्ट्रेटों ने तीन दिन हुई परीक्षाओं में एक दिन की भी रिपोर्ट कार्यालय में उपलब्ध नहीं कराई है।

खुली रहीं खिड़कियां
शमसाबाद। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्रों की खेतों की ओर खुलने वाली खिड़कियों को बंद नहीं कराया गया। कांती देवी इंटर कालेज में पांच कमरों में परीक्षा हो रही है। इनकी खिड़कियां खेतों की ओर खुली रही। इनको बंद नहीं कराया गया। प्रधानाचार्य सत्यपाल सिंह गंगवार ने बताया कि बादल होने के कारण कमरों में अंधेरा था। इस कारण खिड़कियों को खोल दिया था। डीएबी इंटर कालेज रजलामई की खेतों की ओर बनी खिड़कियों में न तो दरवाजे हैं और न ही ईंटें लगाई गईं। परीक्षार्थियों को इनके पास बैठा दिया गया। यह परीक्षा के समय खुली रहीं। केेंद्र व्यवस्थापक प्रमोद गंगवार ने बताया कि पहले से ही खिड़कियों में दरवाजे नहीं थे।

प्रथम पाली की परीक्षा में तीन नकलची पकड़े गए
फर्रुखाबाद। नकल रोकने के लिए पांच सचलदल बनाए गए हैं। शनिवार को हुई परीक्षा में पांचों सचलदल छापेमारी करने के लिए निकले। बीएसए संदीप चौधरी ने सुबह की पाली में अर्थशास्त्र की परीक्षा में गंगापार महात्मा गांधी इंटर कालेज राजेपुर और जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरखा में एक-एक छात्र को नकल करते पकड़ा। प्रधानाचार्य एपी सिंह के सचलदल ने कल्याण शिक्षण संस्थान टिकुरियन नगला में एक छात्रा को नकल करते पकड़ा। तीन अन्य सचलदलों के हाथ कोई भी नकलची नहीं लगा।

डेमो वर्जन को हटाकर नया कर लें डाउनलोड
फर्रुखाबाद। मोबाइल एप के संचालन में लगातार कठिनाइयों की समस्याएं माध्यमिक शिक्षा पहुंचने पर सचिव का डीआईओएस को पत्र आया है। इसमें कहा गया कि जिन केंद्र व्यवस्थापकों के मोबाइल में डाउनलोड किए गए डेमो वर्जन वाला एप काम नहीं कर रहा है। वह डेमो वर्जन को हटा कर वेबसाइट के माध्यम से दूसरा एप लोड कर लें। अगर इसके बाद भी कोई दिक्कत हो तो हेल्पडेस्क नंबर 8874236829 से संपर्क किया जाए। वोडाफोन सिमकार्ड से संबंधित समस्या के लिए 9839317864 पर संपर्क किया जाए।

आठ परीक्षा केंद्रों ने नहीं दी मेल आईडी
फर्रुखाबाद। बोर्ड परीक्षाओं के दिशा निर्देशों को सीधे केंद्र व्यवस्थापकों के मेल पर भेजने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी केंद्रों से मेल आईडी मांगी थी। यदुनाथ सिंह इंटर कालेज न्यामतपुर, कृष्णा बालिका इंटर कालेज ठंडी सड़क, आदर्श जनता इंटर कालेज रानूखेड़ा कमालगंज, मौलाना आजाद इंटर कालेज कमालगंज, शांति निकेतन इंटर कालेज शांतिनगर मोहम्मदाबाद, नेशनल पब्लिक इंटर कालेज श्योगनपुर संकिसा, शांती देवी रघुराज सिंह बालिका इंटर कालेज कुबेरपुर राजेपुर, सिद्धार्थ इंटर कालेज नगला चंपत नवाबगंज ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में मेल आईडी उपलब्ध नहीं कराई हैं। इस कारण जिला विद्यालय निरीक्षक ने इन सभी केेंद्र व्यवस्थापकोें को नोटिस जारी कर मेल आईडी उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें