नवाबगंज। पिता को खेत पर नाश्ता देकर लौट रहे 12 वर्षीय बालक को पिकअप सवार बदमाश उठा ले गए। कुछ दूर पहुंचने के बाद आरोपी बालक को रोहिला अंडरपास के पास छोड़कर भाग गए। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
विकासखंड मोहम्मदाबाद के गांव बीसलपुर बांगर की ग्राम प्रधान धारा कठेरिया का पुत्र विक्रांत (12) बृहस्पतिवार सुबह खेत पर अपने पिता को चाय और नाश्ता देने गया था। वहां से लौटते समय गांव से पहले रास्ते पर पेड़ के पास खड़े तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसे जबरन पिकअप में बैठा लिया और उसकी साइकिल भी गाड़ी में डाल ली। विक्रांत ने बताया कि आरोपियों में दो युवकों ने मुंह पर अंगौछा बांध रखा था। गाड़ी में उसे डालने के बाद पिकअप तेज रफ्तार से मोहम्मदाबाद रोड की ओर बढ़ी। रोहिला अंडरपास के पास पहुंचने पर उसने आरोपियों को आगे अपने चाचा की दुकान होने की बात कही। इसके बाद आरोपी उसे अंडरपास के पास उतारकर भाग गए। विक्रांत ने रोहिला गांव स्थित मंदिर के महंत के पास पहुंच उनके मोबाइल से अपने पिता को सूचना दी। दोपहर करीब एक बजे ग्राम प्रधान अपने पुत्र को लेकर थाना पहुंचे और तहरीर दी। उन्होंने गांव के तीन लोगों पर शक जताया है। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस गांव से निकलने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।