जहानगंज। हाईटेंशन लाइन में आए फाल्ट ने कस्बा व आठ गांवों की बिजली गायब कर दी है। इस कारण पांच दिन से बिजली गुल है। फाल्ट सही कराने की मांग को अवर अभियंता ने डिस्क और इंसुलेटर उपलब्ध न होने का बहाना बना कर टाल दिया। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कत उठानी पड़ रही है।
जहानगंज विद्युत उपकेंद्र से जहानगंज फीडर के माध्यम से कस्बा और आठ गांवों को बिजली सप्लाई होती है। इस फीडर की हाईटेंशन लाइन में पांच दिन पूर्व फाल्ट आने से आपूर्ति ठप हो गई थी। इसकी जानकारी अवर अभियंता अजय यादव को दी गई।
जेई ने ग्रामीणों को फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति दिए जाने का आश्वासन दिया। दो दिन एक से डेढ़ घंटे बिजली मिलने के बाद दोबारा आए फाल्ट से आपूर्ति ठप हो गई। इस कारण आठ गांव के लोग और कस्बावासी बिजली न मिलने से परेशान हैं। इसकी जानकारी एसडीओ को दी गई है।
गांव के अनूप कुमार, पप्पू, अवधेश, भूपेन्द्र, रामकिशोर, मनोज, संतोष कुमार का कहना है कि अवर अभियंता मैनपुरी से करीब 11 बजे आते हैं। शाम को तीन बजे चले जाते हैं। इस कारण जेई से मुलाकात कर समस्या बतानी भी मुश्किल है।
डिस्क और इंसुलेटर नहीं हैं। इस कारण फाल्ट ठीक करने में दिक्कत हो रही है। इंसुलेटर व डिस्क लेने स्टोर में गया था। वहां भी नहीं मिली। इस कारण फाल्ट ठीक नहीं हो सका। - अजय यादव, अवर अभियंता
डिस्क और इंसुलेटरों की खराबी के कारण आठ गांव और कस्बा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पांच दिन से बंद होने की अवर अभियंता ने जानकारी नहीं दी है। इस संबंध में अवर अभियंता से जानकारी की जाएगी। - संतोष कुमार, एसडीओ
स्टोर में डिस्क और इंसुलेटर नहीं है। अवर अभियंता के क्षेत्र में काम करने वाले ठेकेदारों के पास डिस्क और इंसुलेटर हैं। अगर जेई चाहे तो ठेकेदार से संपर्क कर तार, डिस्क और इंसुलेटर लेकर फाल्ट को सही कर सकते हैं।
- प्रेम सिंह, भंडार प्रभारी