थाना क्षेत्र के गांव बिचपुरी में धारदार हथियार से वार कर किसान की हुई हत्या के मामले में ग्रामीणों को घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित तालाब किनारे खून से सने दो बोरे पड़े मिले। पुलिस ने बोरों को कब्जे में ले लिया। वहीं पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी रामसिंह को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने अभी राम सिंह की गिरफ्तारी नहीं दिखाई है।
बिचपुरी निवासी अरविंद कुमार (36) पुत्र चतुरी लाल का शव सोमवार को परशुराम के खेत में पड़ा मिला था। अरविंद की धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई थी। मृतक के भाई अरुण कुमार ने गांव के ही रामसिंह और लालाराम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बुधवार को ग्रामीणों को परशुराम के खेत से 50 मीटर दूरी पर स्थित तालाब किनारे खून से सने दो बोरे मिले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पर मृतक के भाई अरुण को दी।
अरुण की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरोगा सर्वेश कुमार ने बोरों को कब्जे में ले लिया। दरोगा सर्वेश कुमार ने बताया कि बोरों को जांच के लिए भेजा जाएगा।
उधर, मुखबिर की सूचना पर थाना पुलिस ने रामसिंह को गांव के पास से हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि रामसिंह से गहनता से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने रामसिंह की गिरफ्तारी नहीं दिखाई है।