फोटो-11, हवाईपट्टी मोहम्मदाबाद में प्लेन को खींचकर ले जाती क्रेन। संवाद
मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी पर दुर्घटनाग्रस्त हुए चार्टर्ड प्लेन को दो क्रेनों से मौके से हटाया गया। साढ़े पांच घंटे की मशक्कत के बाद प्लेन को वीआईपी गेस्ट हाउस के पास खड़ा किया गया।
इंश्योरेंस कंपनी के लोग अभी प्लेन का निरीक्षण करने नहीं आए हैं। बृहस्पतिवार को टेकऑफ करने के दौरान प्लेन बेकाबू होकर रनवे से उतरकर झाड़ियों में घुस गया था। इस घटना में प्लेन में सवार अजय अरोड़ा, भारतीय स्टेट बैंक भोपाल के हेड सुमित शर्मा, राकेश टीकू, मनीष कुमार पांडेय, पायलट कैप्टन नसीब बामल व कैप्टन प्रतीक फर्नांडिस बाल-बाल बच गए थे। शनिवार को जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर डॉ. राजीव धर के नेतृत्व में क्रेनों से प्लेन को मौके से हटवाया गया।
दो क्रेनें सुबह करीब नौ बजे हवाईपट्टी पहुंच गई थीं। दोपहर करीब 2.30 बजे प्लेन हटाया जा सका। इंजीनियर संजीव कुमार, पायलट कैप्टन नसीब बामल व कैप्टन प्रदीप फर्नांडिस आदि मशक्कत के बाद प्लेन को हटा सके। क्रेनों से प्लेन खींचकर हवाईपट्टी के वीआईपी गेस्ट हाउस के पास लाकर खड़ा करवा दिया गया है। डायरेक्टर डॉ. राजीव ने बताया कि अभी इंश्योरेंस वाले मौके पर जांच करने नहीं आए हैं। उनके आने के बाद ही प्लेन में हुए नुकसान की पुष्टि हो सकेगी।
इस दौरान हवाईपट्टी के मुख्यगेट पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात था। सूत्रों ने बताया कि जिला प्रशासन ने हवाईपट्टी पर मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है। बताया जा रहा है कि खजुराहो से आए इंजीनियर हवाईपट्टी पर ही प्लेन को ठीक करने का कार्य शुरू करेंगे।