कमालगंज। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर की विषम सेमेस्टर परीक्षा आत्मपरक विश्लेषण (सब्जेक्टिव) आधार वाली होगी। इसमें दीर्घउत्तरीय, लघुउत्तरीय व निबंधात्मक तरीके के प्रश्न होंगे। उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन परीक्षकों द्वारा किया जाएगा।
जिले के सभी महाविद्यालय छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर से संबद्ध हैं। विश्वविद्यालय ने विषम सेमेस्टर प्रथम, तृतीय व पंचम सेमेस्टर की परीक्षाओं को 14 नवंबर से प्रस्तावित किया है। परीक्षा दो घंटे की होगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ के स्थान पर आत्मपरक विश्लेषण वाले प्रश्नों के उत्तर लिखने होंगे। लघुउत्तरीय, दीर्धउत्तरीय व निबंधात्मक प्रकार के प्रश्न होंगे।
बीए के 14 नवंबर से प्रस्तावित परीक्षा में प्रथम सेमेस्टर के पेपर सुबह 8.30 से 10.30, द्वितीय सेमेस्टर के पेपर 11.30 से 1.30, पंचम सेमेस्टर के पेपर 2.30 से 4.30 बजे तक होंगे। परीक्षा नियंत्रक की ओर से कॉलेजों को भेजे पत्र में कहा गया है कि माइनर प्रश्नपत्र, कोकरिकुलर व वोकेशनल की परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी।
माइनर (अतिरिक्त गौण) विषय, कोकरिकुलर (कौशल व व्यक्तित्व विकास) विषय का पेपर 90 मिनट व वोकेशनल (व्यावसायिक) विषय का पेपर एक घंटे का होगा। आरपी महाविद्यालय के सहायक प्रोफेसर प्रशांत शुक्ला ने बताया कि आत्मपरक (सब्जेक्टिव) परीक्षा में फायदा यह है कि छात्रों में रटने के बजाय तार्किक सोच, विश्लेषण, रचनात्मकता व विचारों को स्पष्ट रूप से लिखने की क्षमता का प्रयोग हो पाता है। (संवाद)