भाजपा नेताओं ने सामूहिक गिरफ्तारी देने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के
बाहर धरना-प्रदर्शन किया अपर जिलाधिकारी मनोज सिंघल के एक सप्ताह में
कार्रवाई के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। भाजपाइयों ने चेतावनी दी कि मांगे
पूरी नहीं हुई तो दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जिला पंचायत परिसर में सभा की। यहां से जुलूस की
शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां धरना दिया। इस दौरान हुई सभा को संबोधित
करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने प्रशासन पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने
कहा कि प्रशासन सरकार के दबाव में भाजपा नेताओं का उत्पीड़न कर रही है।
पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार ने कहा कि प्रशासन पार्टी विशेष के निर्देश पर
काम कर रही है।
जान-बूझकर भाजपा के नेताओं पर झूठे मुकदमे लिखवाए जा रहे
हैं। मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने कहा कि भाजपा के बरखेड़ा मंडल महामंत्री
मनोज गंगवार और नीबकरोरी मंडल के महामंत्री उग्रसेन राजपूत के खिलाफ
जान-बूझकर साजिश रची गई और झूठे मुकदमे में फंसाया गया है।
यहां पूर्व
कमिश्नर राजीव सिंह, अमर सिंह खटिक, शैलेंद्र राठौर, दिलीप भारद्वाज,
वीरेंद्र कठेरिया, डा. भूदेव राजपूत, दीनानाथ राजपूत, सुधीर सक्सेना, अमर
सिंह, विमल कटियार और अभय सिंह आदि ने संबोधित किया। करीब चार बजे अपर
जिलाधिकारी मनोज सिंघल ने सांसद मुकेश राजपूत समेत बड़े नेताओं को कार्यालय
में बुलाकर वार्ता की। कार्रवाई का भरोसा दिया।