राजेपुर। थाना क्षेत्र के गांव हरिहरपुर के रहने वाले फौजी सुग्रीव सिंह राठौर की जम्मू कश्मीर के जिला कूपवाड़ा में सड़क हादसे में मौत हो गई। घर में सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सैनिक का शव शुक्रवार को उसके पैतृक गांव आएगा।
गांव हरिहरपुर निवासी सुग्रीव सिंह राठौर वर्ष 2000 में राजपूत रेजीमेंट फतेहगढ़ में हवलदार के पद पर भर्ती हुए थे। इस समय जम्मू कश्मीर के जिला कूपवाड़ा में तैनात थे। बुधवार सुबह कानवाई ऑपरेशन के दौरान सेना की गाड़ी जिला कूपवाड़ा स्थित एक 200 फीट गहरे खूनी नाले में जा गिरी।
इसमें सुग्रीव सिंह की मौत हो गई, जबकि गाड़ी में तैनात अन्य सैनिक घायल हो गए। यह जानकारी जैसे ही मृतक के घर पहुंची तो परिजनों का कोहराम मच गया। मृतक के परिजन शव लेने के लिए कूपवाड़ा रवाना हो गए। मृतक की पत्नी ममता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन बच्चे सुप्रिया, देव व राज हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सैनिक का शव शुक्रवार को गांव आ जाएगा।