घटना पर विरोध जताते कर्मचारी नेता।
- फोटो : घटना पर विरोध जताते कर्मचारी नेता।
फर्रुखाबाद। घर में लगा मीटर बाहर लगाने को लेकर गृह स्वामी ने लाइनमैन को पीट दिया। पीड़ित ने जानकारी कर्मचारी नेताओं को दी तो वे मौके पर पहुंच गए। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। पीड़ित ने फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।
फतेहगढ़ निवासी लाइनमैन धर्मेंद्र कुमार शुक्रवार शाम पुलिस लाइन लोड स्थित एक घर में लगा मीटर घर के बाहर लगाने गया था। मीटर बाहर करने को लेकर गृह स्वामी गाली-गलौज करने लगे। लाइनमैन धर्मेंद्र ने विरोध किया तो युवक ने उसे पीट दिया। लाइनमैन ने मामले की जानकारी अपने साथियों को दी। इस पर वे लोग मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों के साथ धर्मेंद्र ने फतेहगढ़ कोतवाली जाकर पुलिस से शिकायत की। मारपीट का वीडियो भी वायरल हो गया। अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता है।
फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि लाइनमैन धर्मेंद्र ने शिकायत की है। जांच की जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। एक्सईएन शहरी बृजभान सिंह ने बताया कि लाइनमैन धर्मेंद्र के साथ मारपीट की जानकारी हुई है। पुलिस से कार्रवाई किए जाने को लेकर बात की जाएगी।