फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने बुधवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की। संघ ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक मांगपत्र सौंपा।
जिलाध्यक्ष अभिनेश मिश्रा और जिला महामंत्री डॉ. वीरेंद्र त्रिवेदी ने शिक्षक समायोजन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि समायोजन सूची जारी करने से पहले शिक्षकों से आपत्तियां ली जाएं। संघ ने दिव्यांग शिक्षकों और जिनकी सेवानिवृत्ति में तीन वर्ष शेष हैं, उन्हें समायोजन से मुक्त रखने की भी मांग की। कंपोजिट विद्यालयों में प्राथमिक प्रधानाध्यापकों को जूनियर हाईस्कूल का सहायक अध्यापक बनाने की बात कही गई। पदाधिकारियों ने मध्याह्न भोजन के भुगतान में देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने लंबित एरियर और प्रोन्नत वेतनमान के तत्काल निर्धारण की मांग की। इस दौरान शिव प्रताप सिंह, देवेश यादव, डॉ. रामप्रसाद सिंह, राहुल कुमार गंगवार, कुलदीप यादव, आनंद राय, पवन गुप्ता और आदित्य सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।