गुरुजी हैं नहीं, फिर भी मॉडल स्कूल
- फोटो : अमर उजाला
बढ़पुर क्षेत्र के ख्ंाड शिक्षाधिकारी ने चार परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में नामांकन के सापेक्ष छात्र उपस्थित काफी कम और शैक्षिक गुणवत्ता काफी खराब मिली।
शनिवार को खंड शिक्षाधिकारी बढ़पुर ललित मोहन पाल ने प्राथमिक विद्यालय रामपुर ढपरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में शिक्षिका सरला देवी अनुपस्थित मिली। प्रधानाध्यापक ने बताया कि सरला देवी बीएलओ कार्य के लिए क्षेत्र में गई हैं। 33 में मात्र पांच बच्चे मौजूद मिले। विद्यालय की कक्षा सात की शिवानी दुबे हिंदी में अर्जुन नही लिख सकी।
कक्षा 6 के अभिषेक गणित में 1.23 नही लिख सके। शिक्षकों ने शिक्षक डायरी नही बनाई थी। प्राथमिक विद्यालय हैवतपुर गढ़िया में निरीक्षण में विद्यालय प्रांगण गंदा था । बीईओ ने साफ सफाई के निर्देश दिए हैं। प्राथमिक विद्यालय आमिलपुर में निरीक्षण में शिक्षिका स्मिता श्रीवास्तव दो माह से अनुपस्थित चल रही है । नामांकन के सापेक्ष बच्चों की संख्या काफी कम मिली ।
बीईओ ने प्रधानाध्यापक को निर्देश दिए कि स्मिता को कार्यभार ग्रहण कराने से पहले मुख्यालय भेजे। पूर्व माध्यमिक विद्यालय नैनिया नगला में निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक आंशिक अवकाश पर मिले। पत्र व्यवहार पंजिका पर कटिंग की गई थी। बीईओ ललित मोहन पाल ने बताया कि पत्र व्यवहार पर कटिंग के मामले में प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों के निरीक्षण में शैक्षिक गुणवत्ता काफी खराब मिली।