फर्रुखाबाद। नेहरू रोड पर धरना-प्रदर्शन पर बैठे सराफा कारोबारियों ने बुधवार को भूख हड़ताल कर केंद्र सरकार को चेताया। व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि तीन-चार दिन में समस्या का समाधान न हुआ तो बेमियादी अनशन शुरू किया जाएगा।
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सर्राफा व्यवसायियों की बाजार बंदी 28वें दिन भी जारी रही। नेहरू रोड पर प्रदर्शन करते हुए सर्राफा व्यापारियों ने भूख हड़ताल रख केंद्र सरकार को जमकर कोसा। जिलाध्यक्ष अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ ने कहा कि केंद्र सरकार की हठधर्मिता से हजारों सराफा कारीगरों के चूल्हे ठंडे होने की नौबत आ गई है। नगर अध्यक्ष मनोज रस्तोगी ने कहा कि तीन-चार दिन में समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह खुद तथा छुट्टन लाल वर्मा, पवन अग्रवाल, मोहित अग्रवाल और छेदालाल वर्मा अनशन पर बैठ जाएंगे।
व्यापारियों ने एक स्वर से प्रधानमंत्री से बढ़ाई गई एक्साइज ड्यूटी हटाने व अन्य मांगें मानने की मांग की। उधर, फतेहगढ़ में भी सराफा व्यापारियों ने बाजार बंद रख विरोध जताया। इस अवसर पर अवधेशचंद्र वर्मा, नगर कोषाध्यक्ष चंद्र किशोर वर्मा, व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ, जिला महामंत्री गोपाल वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, संजय वर्मा, कुमार चंद्र वर्मा, सोनू गुप्ता, प्रमोद सिंह, दिलीप कुमार, संदेश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, विजय कुमार, गौरव गुप्ता, अमन वर्मा, वरुण कटियार, सुरजीत कुमार, प्रशांत वर्मा, श्याम कुमार, राहुल वर्मा, सुनील कुमार और आकाश वर्मा आदि मौजूद रहे।