लाटरी खोलते समय एक-दूसरे से नोकझोंक करते ठेकेदार।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। नगर मजिस्ट्रेट शिव बहादुर सिंह की देखरेख में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शराब के ठेकों की दुकानों के लिए टेंडर खोले गए। टेंडर खुलने के दौरान एक टेंडर पर आवेदक के हस्ताक्षरों को फर्जी बताने को लेकर कहासुनी हुई। नोकझोंक होने पर अधिकारियों ने आवेदकों को समझाकर शांत कर दिया।
जिले में खुलने वाली 14 नई दुकानों के लिए आए आवेदनों को बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में खोला गया। बीयर की पांच दुकानों के लिए आठ, देशी शराब की सात दुकानों के लिए 35 और अंग्रेजी की दो दुकानों के लिए 16 आवेदन आए थे। इनको एक-एक कर खोला गया।
ठेका पाने के लिए आवेदकों ने टेंडर में बढ़-चढ़कर कीमत लगाई। एक टेंडर में आवेदक के हस्ताक्षर को दूसरे आवेदक ने फर्जी बताया और उसको निरस्त करने की मांग की। इसको लेकर सभागार में आवेदकों के बीच नोकझोंक होने लगी। अधिकारियों ने आवेदकों को शांत कर सभी टेंडर खोले। जो सबसे महंगा टेंडर था। उसको पास कर दिया। इस दौरान सीओ सिटी योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।