-लोगों ने उपकेंद्र पर फोन कर बिजली आपूर्ति कराई बंद, हादसा बचा
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। देर शाम कस्बे के मुख्य चौराहे से निकल रही हाईटेंशन लाइन का तार धमाके के साथ टूटकर गिर गया। आसपास के लोगों ने फोन करके उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बंद कराई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से बच गया।
नगर के चौराहे पर मोहम्मदाबाद रोड की ओर सहसा जगदीशपुर फीडर की हाईटेंशन लाइन निकल रही है। बृहस्पतिवार देर शाम बिजली लाइन में धमाके की तेज आवाज हुई। इसी के बाद शिवराम शाक्य के मकान के सामने तार टूटकर गिर गया। भाईदूज के चलते चौराहे पर लोगों की खासी भीड़ थी। तेज चिंगारी को देख लोग भाग खड़े हुए।
कुछ लोगों ने उपकेंद्र पर फोन करके बिजली आपूर्ति बंद करवाई। जेई अब्दुल मजीद ने बताया कि किसी पक्षी के बैठने से लाइन में अचानक फॉल्ट आया और तार टूट गया। उसी के चलते चिंगारी निकली थी। टीम भेजकर तार की मरम्मत कराई जा रही है। शीघ्र ही आपूर्ति बहाल की जाएगी।