फोटो-30 कमालगंज के किदवई नगर में घटना के बाद लगी भीड़। संवाद
कमालगंज । कस्बे के मोहल्ला किदवई नगर में बारात निकासी की रस्म के दौरान एक दुखद घटना हुई। दूल्हे की मां रेशमा देवी ढोल नगाड़ों की तेज आवाज के बीच बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से शादी की सभी खुशियां मातम में बदल गईं।
यह घटना मंगलवार रात करीब 8:15 बजे हुई। रेशमा देवी (70) अपने छोटे पुत्र पवन कुमार की शादी में शामिल थीं। पवन की शादी कन्नौज जिला के तालग्राम निवासी ओमकार की पुत्री प्रियंका से तय हुई है। परिजन दूल्हे की सजी कार से ही रेशमा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सक ने उनकी मौत की पुष्टि की। दूल्हा अपनी मां का शव देखकर बेहाल हो गया और देर रात तक बरात नहीं जा सकी थी।
रेशमा देवी के पांच पुत्र और चार पुत्रियां हैं। उनके पुत्रों में जितेंद्र, बंटू, संतोष, राहुल और पवन शामिल हैं। बंटू की पत्नी बबली मोहल्ले की सभासद हैं। चिकित्सक विकास पटेल ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से वृद्धा की मौत होने की आशंका है। इस दुखद घटना से पूरे परिवार और पड़ोसियों में शोक का माहौल है।