जहानगंज। एक युवती ने अपने प्रेमी को बुलाने की मांग को लेकर थाना परिसर में अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। महिला सिपाही की तत्परता से समय रहते उसे बचा लिया गया। इससे बड़ा हादसा टल गया।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती रविवार शाम थाने पहुंची। उसने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद महिला सिपाही ने तत्काल उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवती ने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर जनपद एटा के गडुआ निवासी युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
युवती ने बताया कि कई बार बुलाने के बावजूद युवक उससे मिलने नहीं आया। इससे वह आहत थी। युवती ने पुलिस से मांग की कि उसके प्रेमी को थाने बुलाया जाए। युवती ने चेतावनी दी कि यदि युवक को नहीं बुलाया गया तो वह आत्मदाह कर लेगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने युवती के माता-पिता को थाने बुलाया और उसे समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने युवती को आश्वासन दिया कि युवक को सूचना देकर बुलाया जा रहा है। इसके बावजूद युवती अपने निर्णय पर अड़ी रही और कहा कि जब तक युवक थाने नहीं पहुंचता, वह घर नहीं जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक को सूचना दे दी गई है। उसे थाने बुलाया जा रहा है।